24 जुलाई 2020 - 14:46
ईरानी विमान को ख़तरे में डालने की अमरीकी कार्यवाही पर प्रतिरोधक गुटों की प्रतिक्रियाएं

ईरान के दो विमानों को ख़तरे में डालने की अमरीकी कार्यवाही की फ़िलिस्तीनी गुटों ने कड़ी आलोचना की है।

तसनीम समाचार एजेन्सी के अनुसार फ़िलिस्तीन के जेहादे इस्लामी संगठन ने एक बयान जारी करके कहा है कि यह कार्यवाही अमरीका की शत्रुता को बताती है। जेहादे इस्लाम के के अनुसार ईरान को इस ख़तरनाक कार्यवाही पर प्रतिक्रिया देने का पूरा अधिकार है।  हमास ने भी एक बयान जारी करके इस कार्यवाही की निंदा करते हुए कहा है कि यात्रियों के जीवन को ख़तरे में डालना अमानवीय काम है।  हमास के अनुसार यह कार्यवाही क्षेत्र में इस्राईल को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है।

ज्ञात रहे कि तेहरान से बेरूत जाने वाली ईरानी एयरलाइंस माहान एयर की फ़्लाइट को दो अमरीकी लड़ाकू विमानों द्वारा ख़तरे में डालने की घटना को ईरान ने आतंकवादी कार्यवाही बताया है।  ईरान के शहरी विकास व परिवहन मंत्री मोहम्मद इस्लामी ने कहा है कि अमरीका का यह क़दम एक आतंकवादी कार्यवाही है, जिसका अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विरोध किया जाना चाहिए।  इसी बीच ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सीरिया की वायुसीमा में ईरान के एक यात्री विमान की राह में दुश्मन के दो युद्धक विमानों की ओर से रुकावट डालने पर प्रतिक्रिया जताते हुए कहा है कि इस घटना के ब्योरे की जांच की जा रही है।  उन्होंने कहा कि पूरी सूचनाएं मिलने के बाद आवश्यक राजनैतिक व क़ानूनी कार्यवाही की जाएगी।